श्रीडूंगरगढ़ में 24 वर्षीय युवक लापता, घर से 2 लाख रुपए भी गायब
श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के लिखमादेसर गांव से 24 वर्षीय युवक के घर से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार युवक 28 सितंबर की सुबह घर से बिना बताए निकला और इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। युवक के घर से निकलने के बाद सन्दूक में रखे करीब 2 लाख रुपए भी गायब मिले।
सुबह घर से निकला, वापस नहीं लौटा
परिवादी आसाराम पुत्र अमराराम नाई निवासी लिखमादेसर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र कमलेश (24) 28 सितंबर को सुबह करीब 8 बजे घर से बिना बताए निकल गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। परिजनों ने कमलेश से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है।
सन्दूक में रखे 2 लाख रुपए भी नहीं मिले
परिवादी के अनुसार कमलेश के घर से निकलने के बाद जब उसने घर में रखी सन्दूक को संभाला तो उसमें रखे करीब 2 लाख रुपए नहीं मिले। इस संबंध में भी पुलिस को जानकारी दी गई है।
परिवादी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका पुत्र आए दिन घर में झगड़ा करता रहता था और उसके व्यवहार से परिवार परेशान था।
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल गणेश राम को सौंपी गई है। पुलिस युवक की तलाश के साथ घर से गायब हुई रकम के संबंध में भी जांच कर रही है।







