श्रीडूंगरगढ़ में 47 लाख उधार लेकर नहीं लौटाने का आरोप, जमीन कारोबारी पर केस

24 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

श्रीडूंगरगढ़ में 47 लाख उधार लेकर नहीं लौटाने का आरोप, जमीन कारोबारी पर केस

श्रीडूंगरगढ़। जमीन के सौदे के लिए 47 लाख रुपये उधार लेकर एक माह में ब्याज सहित लौटाने का भरोसा देने और बाद में रकम नहीं लौटाने का मामला सामने आया है। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर जमीन के कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Advertisement

जमीन की रजिस्ट्री के लिए 50 लाख की जरूरत बताई

पुलिस के अनुसार रीड़ी निवासी उदनाथ सिद्ध ने 23 सितंबर को रिपोर्ट दी। उसने बताया कि वह खेती का काम करता है और उदरासर निवासी प्रेमचन्द गोपालराम ब्राह्मण से उसकी पुरानी जान-पहचान है। परिवादी के अनुसार प्रेमचन्द जमीन के लेन-देन का काम करता है।

रिपोर्ट के अनुसार 6 मार्च 2024 को प्रेमचन्द उसके पास आया और जमीन की रजिस्ट्री की तारीख नजदीक होने की बात कहते हुए 50 लाख रुपये की आवश्यकता बताई। उसने एक माह में रकम लौटाने और 2 रुपये सैकड़ा प्रतिमाह ब्याज देने का भरोसा दिलाया।

परिवार से रकम जुटाकर दिए 47 लाख

परिवादी के अनुसार उसके पास इतनी बड़ी रकम नहीं थी। इसके बाद प्रेमचन्द के आग्रह पर उसने परिवारजनों से रकम जुटानी शुरू की। परिवार से 5-5 लाख और 10-10 लाख रुपये सहित अन्य माध्यमों से कुल 47 लाख रुपये की व्यवस्था की गई।

आरोप है कि इसके बाद भंवरलाल पुत्र रावतनाथ की मौजूदगी में प्रेमचन्द को 47 लाख रुपये नकद दिए गए। उस समय एक माह में रकम ब्याज सहित लौटाने का आश्वासन दिया गया था।

एक माह बाद रकम मांगने पर टालमटोल का आरोप

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि एक माह बाद रकम वापस मांगने पर प्रेमचन्द ने जमीन नहीं बिकने की बात कही और कुछ समय मांगा। उसने जमीन बेचकर रुपये ब्याज सहित लौटाने का भरोसा दिया। इसके बाद भी वह लगातार आजकल कहकर रकम लौटाने में टालमटोल करता रहा।

परिवादी का आरोप है कि बाद में प्रेमचन्द ने कथित तौर पर रकम लौटाने की नीयत नहीं होने की बात कही। इसके बाद उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस कर रही लेन-देन की जांच

रिपोर्ट के आधार पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई गजेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस रुपये के लेन-देन, घटना से जुड़े तथ्यों और परिवादी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: