महिला की चेन लूटकर भागा युवक, चलती ट्रेन से कूदने के बाद हुई मौत

11 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

महिला की चेन लूटकर भागा युवक, चलती ट्रेन से कूदने के बाद हुई मौत

श्रीडूंगरगढ़: क्षेत्र में शनिवार सुबह एक चेन स्नेचिंग की वारदात के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। महिला के गले से चेन छीनकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक की चलती ट्रेन से कूदने के बाद गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिसार-बीकानेर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 14898 डेमू में करीब 25 वर्षीय एक युवक ने बेनीसर के पास पिलर संख्या 400 के निकट एक महिला यात्री के गले से चेन तोड़ ली। घटना के बाद महिला और उसके परिजनों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। बचने के प्रयास में युवक पिलर संख्या 401 के पास चलती ट्रेन से कूद गया।

ट्रेन से कूदते ही युवक रेलवे ट्रैक के पास लगे पोल से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद यात्रियों ने ट्रेन रुकवाई। ट्रेन गार्ड ने डेमू ट्रेन को करीब एक किलोमीटर पीछे ले जाकर घायल युवक को ट्रेन में चढ़ाया और सूडसर रेलवे स्टेशन पहुंचाया।

सूडसर रेलवे स्टेशन पहुंचने तक युवक की हालत बेहद गंभीर थी और वहां उसकी मौत हो गई। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार उसकी पैंट से मिले मोबाइल फोन के आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दे दी गई है। शव को सूडसर रेलवे स्टेशन पर रखा गया है। रेलवे पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेन में सफर कर रहे प्रत्यक्षदर्शी लादूपुरी गोस्वामी ने बताया कि यदि घायल युवक को समय पर उपचार मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी। उनके अनुसार सूडसर स्टेशन पहुंचने तक युवक के शरीर में हलचल थी, लेकिन स्टेशन पर उतारने तक उसने दम तोड़ दिया।

Share: