साइबर ठगों को किराए पर देते थे बैंक खाते! श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने दो युवकों को दबोचा

13 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड रोकथाम अभियान के तहत श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते किराए पर उपलब्ध करवाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

मामले की जांच कर रहे हैड कांस्टेबल झूमर राम ने बताया कि साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम ने उदरासर निवासी एक युवक और बीरमसर निवासी एक युवक को दस्तयाब किया। दोनों से पूछताछ की गई, जिसमें साइबर ठगी के लिए बैंक खातों के इस्तेमाल से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध करवाते थे। इन बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन फ्रॉड से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।

पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि साइबर अपराधी दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए कर रहे थे। खाते उपलब्ध करवाने वाले युवकों को इसके बदले आर्थिक लाभ मिलने की बात सामने आई है।

Share: