श्रीडूंगरगढ़ में ढाणी में घुसे आरोपी, विवाहिता से बदसलूकी-मारपीट का आरोप
श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के धनेरू गांव में 21 वर्षीय विवाहिता ने पांच लोगों के खिलाफ ढाणी में घुसकर बदसलूकी, मारपीट, बच्चों को ले जाने, नकदी और मोबाइल छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में महिला ने सांडवा निवासी श्रवणराम, मदनलाल, जगदीश, ओमप्रकाश और कालूराम के खिलाफ आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे वह बच्चों के साथ ढाणी में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से जबरन ढाणी में घुस आए और उसके साथ बदसलूकी करने लगे।
बच्चों को ले जाने का आरोप
महिला के अनुसार शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसके दो बच्चों को अपने साथ ले गए और ढाणी को रात में जलाने की धमकी दी। महिला एक बच्चे के साथ पड़ोसी ढाणी में चली गई और अपने भाई ताराचंद को फोन कर घटना की जानकारी दी।
रिपोर्ट के अनुसार ताराचंद अपने साथ टीकूराम को लेकर मौके पर पहुंचा। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से दोबारा ढाणी में आए और दोनों के साथ मारपीट करने लगे। शोर सुनकर महिला मौके पर पहुंची तो उसका भाई लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ा था।
नकदी और मोबाइल छीनने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा बदसलूकी करते हुए लज्जाभंग किया। आरोप है कि इस दौरान उसके भाई की जेब से 23,360 रुपए निकाल लिए गए। घायल टीकूराम का मोबाइल फोन भी छीनने का आरोप है।
महिला ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस घटना में लगाए गए आरोपों, मारपीट और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।







