श्रीडूंगरगढ़ में खेत में ट्रैक्टर पलटने से युवा किसान की मौत, गांव में शोक
श्रीडूंगरगढ़: थाना क्षेत्र के गुसाईसर बड़ा गांव में शनिवार देर रात खेत में कृषि कार्य के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवा किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन गंभीर हालत में उसे उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामलाल पुत्र सुगनाराम जाट, निवासी गुसाईसर बड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल किसान को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




