श्रीडूंगरगढ़: हिस्ट्रीशीटर पर नाबालिग को ब्लैकमेल करने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

12 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

श्रीडूंगरगढ़ में हिस्ट्रीशीटर पर नाबालिग को ब्लैकमेल करने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

श्रीडूंगरगढ़: क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपी पर ब्लैकमेल करने, धमकाने, जबरदस्ती करने और एक युवक के खिलाफ दबाव बनाकर बयान दिलवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की तथा उसके साथ फोटो खींच लिए। आरोप है कि बाद में उन्हीं फोटो के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने मारपीट कर उससे एक युवक के खिलाफ जबरन बयान दिलवाए और उसे फंसाकर फांसी दिलाने की धमकी भी दी।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी उसके पिता को शराब पिलाकर उनसे मारपीट करवाता था। इसके अलावा आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता को नींद की गोलियां देकर माता-पिता की कोल्ड ड्रिंक में मिलाने के लिए भी धमकाया। पीड़िता का कहना है कि मार्च माह से आरोपी लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है।

मामले की जांच कर रहे हैड कांस्टेबल धापा ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपी के खिलाफ कुछ दिन पहले ही श्रीडूंगरगढ़ थाने में हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।

Share: