श्रीडूंगरगढ़ बाजार में दुकानदार पर लाठी-सरियों से हमला, 6 युवकों ने दुकान में घुसकर पीटा
बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में शनिवार को बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छह युवकों ने एक दुकान में घुसकर दो लोगों पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार कालूबास निवासी सुनील कुमार सोमाणी की गौरव पथ स्थित दुकान के आगे सुबह करीब 10 बजे दो युवकों ने बाइक खड़ी कर दी। सुनील के भाई श्रीराम और महेश ने बाइक हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान दोनों युवकों ने गाली-गलौज और धमकी दी और वहां से चले गए।
तीन बाइकों पर लाठी-सरियों के साथ पहुंचे छह युवक
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:30 बजे तीन बाइकों पर छह युवक दोबारा वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों के हाथों में लाठी-सरिए थे। उन्होंने बाइकों की नंबर प्लेट पर रुमाल बांध रखा था और चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। दुकान में घुसते ही युवकों ने श्रीराम और महेश सोमाणी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान आसपास के दुकानदार मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को जुटता देखकर आरोपी बाइक लेकर भागने लगे। इस दौरान एक युवक पीछे रह गया, जिसे दुकानदारों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हमले में घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सुनील सोमाणी की रिपोर्ट पर श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी गई है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
दिनदहाड़े बाजार में हुई मारपीट की घटना से स्थानीय व्यापारियों में रोष है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।







