पड़ोसियों के बीच खूनी बवाल! कुल्हाड़ी-लाठियां चलीं, दोनों पक्ष पहुंचे थाने
श्रीडूंगरगढ़: थाना क्षेत्र के बीदासर रोड रेलवे फाटक इलाके में दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद शनिवार को दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया।
घर में घुसकर हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार श्रवण कुमार जाट ने अपने पड़ोसी गंगाराम ओड़, उसके बेटे कैलाश ओड़ तथा नंदू, शोभा, चंदा, मंजू, फूला और जशोदा सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके घर में घुसकर चौसांगी, कुल्हाड़ी और लाठियों से उसके तथा उसकी पत्नी के साथ मारपीट की, पत्नी की लज्जा भंग की और गहने छीनकर ले गए।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर कैलाश ओड़ ने श्रवण जाट और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने उसके माता-पिता के साथ कुल्हाड़ी से हमला किया और गहने छीन लिए।
दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज
श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर परस्पर मामले दर्ज कर लिए हैं। दोनों प्रकरणों की जांच एएसआई गजेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




