250 छात्रों पर सिर्फ 3 शिक्षक! गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला, पढ़ाई ठप
श्रीकोलायत: श्रीकोलायत क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, माधोगढ़ में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर बुधवार को ग्रामीणों और विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। पर्याप्त स्टाफ की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि 12वीं तक संचालित इस विद्यालय में करीब 250 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि वर्तमान में केवल एक प्रिंसिपल और दो अध्यापक ही कार्यरत हैं। इतने कम स्टाफ के कारण सभी कक्षाओं का नियमित संचालन संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इस संबंध में कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी संदीप गौड़ से दूरभाष पर वार्ता भी की। बताया गया कि उन्होंने बैठक में होने की बात कहते हुए विभाग की ओर से एक प्रतिनिधि भेजने की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक विद्यालय में पर्याप्त संख्या में अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की जाती और समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक विद्यालय की तालाबंदी नहीं खोली जाएगी।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि 12वीं तक के विद्यालय का संचालन केवल तीन शिक्षकों के भरोसे नहीं किया जा सकता और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।







