श्रीकोलायत में टैक्सी चालक से लूट, आंखों में मिर्च झोंककर टैक्सी और मोबाइल लेकर फरार

22 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर. श्रीकोलायत थाना क्षेत्र में टैक्सी चालक से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने रेलवे स्टेशन से टैक्सी किराए पर ली और रास्ते में चालक की आंखों में मिर्च झोंककर टैक्सी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित टैक्सी चालक गणेश राणा ने बताया कि श्रीकोलायत रेलवे स्टेशन से एक महिला, एक बच्ची और छह पुरुष उसकी टैक्सी में सवार हुए। सभी ने गाड़ी किराए पर ली थी।

चालक के अनुसार, जैसे ही टैक्सी बाला फांटा के पास पहुंची, आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्च डाल दी। आंखों में तेज जलन होने के कारण वह असहाय हो गया। इसके बाद बदमाश टैक्सी और उसका मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के समय टैक्सी चालक के साथ एक बच्चा भी मौजूद था। चालक ने बताया कि आरोपी बच्चे को अपने साथ नहीं ले गए। बच्चे ने पुलिस को आरोपियों के फरार होने की दिशा की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

श्रीकोलायत थाना प्रभारी सीआई जसवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वृत्ताधिकारी संग्राम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Share: