अब स्कूल पर जड़ेंगे ताला! शिक्षकों की कमी से भड़के ग्रामीण, प्रशासन को दी खुली चेतावनी
श्रीकोलायत: ग्राम पंचायत टोकला के ग्रामीणों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टोकला में लंबे समय से शिक्षकों और अन्य स्टाफ की कमी को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन भेजते हुए विद्यालय में तालाबंदी करने का निर्णय लिया है।
तीन शिक्षकों के भरोसे चल रहा पूरा स्कूल
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2021-22 में विद्यालय को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत किया गया था। उस समय विद्यालय में 8 से 10 स्टाफ सदस्य कार्यरत थे, लेकिन वर्तमान में केवल तीन शिक्षक ही कार्यरत हैं। ऐसे में पढ़ाई और कार्यालयीन कार्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
तीन साल से कर रहे मांग
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
स्टाफ नहीं आया तो नहीं खुलेंगे ताले
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षक, प्रधानाचार्य और आवश्यक कर्मचारी नियुक्त नहीं किए जाते, तब तक विद्यालय के ताले नहीं खोले जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नहीं होने से विद्यालय की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यार्थियों के हित में शीघ्र स्थायी समाधान करते हुए विद्यालय में आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने की मांग की है।




