Train Ticket Rules Changed: बिना टिकट ट्रेन में पकड़े गए तो अब लगेगा दोगुना जुर्माना
नई दिल्ली: ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने वालों के लिए रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। अब बिना टिकट सफर करना पहले के मुकाबले महंगा पड़ेगा। रेल मंत्रालय ने रेलवे एक्ट में संशोधन लागू करते हुए जुर्माने की राशि बढ़ा दी है।
बिना टिकट यात्रा पर अब 500 रुपए जुर्माना
रेलवे के नए नियमों के अनुसार बिना टिकट या गलत टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़े जाने पर यात्री को अब न्यूनतम 500 रुपए जुर्माना देना होगा। पहले यह राशि 250 रुपए थी। इसके अलावा यात्री को यात्रा का पूरा किराया भी देना पड़ेगा।
13 साल बाद बढ़ी जुर्माने की राशि
रेलवे ने बिना टिकट यात्रा के जुर्माने में करीब 13 साल बाद बदलाव किया है। इससे पहले साल 2013 में जुर्माना 50 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए किया गया था।
दूसरे के टिकट पर यात्रा करने वालों पर भी सख्ती
अब किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। ऐसे यात्रियों से किराया और अतिरिक्त जुर्माना वसूला जाएगा।
अवैध फेरी और भीख मांगने पर भी बढ़ा जुर्माना
रेलवे स्टेशन या ट्रेन में बिना अनुमति सामान बेचने, फेरी लगाने और भीख मांगने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में 2000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
रेलवे ने सभी जोन को दिए निर्देश
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को नए नियमों की जानकारी टिकट चेकिंग स्टाफ और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे का नया नियम एक नजर में
- बिना टिकट यात्रा पर न्यूनतम जुर्माना 500 रुपए
- यात्रा का पूरा किराया भी देना होगा
- दूसरे के टिकट पर सफर करने पर कार्रवाई
- अवैध फेरी लगाने पर 2000 रुपए तक जुर्माना




