अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, एक गंभीर घायल
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उपनी निवासी चेतनराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र अशोक कुमार मेघवाल अपने साथी धर्मेन्द्र के साथ बाइक (आरजे-07-क्यूएस-5804) पर कृषि फार्म से बीकानेर की ओर लौट रहा था। जब दोनों सुरधना से किलचू रोड पर पहुंचे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में पीछे बैठे अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे धर्मेन्द्र का हाथ टूट गया। घायल को पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी है।




