गंगाशहर में विद्या भारती का क्षेत्रीय खेलकूद समारोह शुरू, तीन प्रांतों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
बीकानेर। विद्या भारती (अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान) के तत्वावधान में आदर्श विद्या मंदिर, गंगाशहर के क्रीड़ांगण में क्षेत्रीय खेलकूद समारोह का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। समारोह में जिला परिषद बीकानेर की सीईओ शैलजा पांडे मुख्य अतिथि रहीं। अतिरिक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सत्येंद्र राठौड़, जिमनास्टिक संघ के सचिव एवं राष्ट्रीय निर्णायक प्रदीप सिंह पंवार तथा विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र के संगठन मंत्री गोविन्द कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
नियमों के पालन और अभ्यास पर जोर
मुख्य वक्ता गोविन्द कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ देश के लिए खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल में सफलता के लिए नियमों का पालन करने के साथ निरंतर अभ्यास और मेहनत जरूरी है।
उद्घाटन सत्र में जोधपुर प्रांत के भैया सचिन ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। इसके बाद घोष वादन की धुन के साथ प्रज्वलित मशाल लेकर खिलाड़ियों ने अनुशासित पथ संचलन किया।
तीन प्रांतों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
प्रतियोगिता में जोधपुर, जयपुर और चित्तौड़ प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दो दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, तस्तरी फेंक और गोला फेंक सहित अन्य स्पर्धाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में जोधपुर प्रांत निरीक्षक भगवत दास रतनू, विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र खेल संयोजक सत्यनारायण मिश्रा, सहसंयोजक कैलाश शर्मा, जिला सचिव मूलचंद तावणिया, आदर्श शिक्षण संस्थान के जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र गर्ग सहित विभिन्न विद्यालयों के आचार्य, प्रधानाचार्य और शिक्षाविद मौजूद रहे।
समारोह का संचालन आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य नवलकिशोर सैनी ने किया।




