पंचायत चुनाव से एक दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी का खेत में मिला शव, बाड़मेर में मचा हड़कंप
बाड़मेर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले बाड़मेर जिले में कांग्रेस प्रत्याशी का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मांगता पंचायत समिति के वार्ड संख्या 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल का शव बुधवार सुबह सदर थाना क्षेत्र के आलमजी का थान (उड़ासर) गांव में खेत पर मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार सुबह खेत में मिला शव
सदर थाना सीआई देवीचंद ढाका के अनुसार, आलमजी का थान निवासी मोहनलाल पुत्र पूनमाराम का शव बुधवार सुबह खेत में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
वार्ड 8 से तीन प्रत्याशी थे मैदान में
मांगता पंचायत समिति के वार्ड संख्या 8 में कांग्रेस की ओर से मोहनलाल चुनाव मैदान में थे। इस वार्ड में भाजपा के भभूता राम और आरएलपी के ओमप्रकाश भी प्रत्याशी हैं। पहले चरण के तहत इस वार्ड में 22 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है।
मतदान से ठीक पहले प्रत्याशी का शव मिलने की घटना ने क्षेत्र में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, फिलहाल मौत के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
बाड़मेर में 6.88 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
बाड़मेर जिले की 10 पंचायत समितियों में पहले चरण के तहत 6,88,347 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनके जरिए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव होगा। जिला परिषद के 23 वार्डों में 71 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, जिले की 10 पंचायत समितियों के 160 वार्डों में 465 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
935 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
जिले में मतदान के लिए कुल 935 बूथ निर्धारित किए गए हैं। चौहटन पंचायत समिति में सर्वाधिक 1,02,305 मतदाता हैं, जबकि मांगता पंचायत समिति में 31,836 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को लेकर बुधवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया, ताकि गुरुवार को निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराया जा सके।
पुलिस जांच में जुटी
कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल की मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Aapni Awaj | राजस्थान समाचार






