Ravindra Singh Bhati : एक वाहन के सिर्फ 500 रुपए के चालान पर इतना क्यों भड़के शिव MLA? CM और PM तक पहुंचा दिया मैसेज

27 Jun 2026 STATE
Advertisement

बाड़मेर में भगवान का नाम लिखने पर कटा चालान! विधायक रविंद्र भाटी ने उठाए सवाल

बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले से यातायात नियमों और धार्मिक आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक वाहन मालिक का चालान इसलिए काट दिया गया क्योंकि उसकी गाड़ी पर उसके आराध्य देवता का नाम लिखा हुआ था।

वाहन मालिक का कहना है कि उसकी गाड़ी में प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC), इंश्योरेंस, सीट बेल्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे थे। इसके बावजूद भगवान का नाम लिखे होने को लेकर पुलिस ने 500 रुपए का चालान कर दिया।

विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जताई नाराजगी

मामले की जानकारी मिलने के बाद शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए लिखा कि "राम राज्य में अपने इष्ट का नाम लिखना भी क्या गुनाह है?"

भाटी ने इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय, राजस्थान मुख्यमंत्री कार्यालय, राजस्थान पुलिस और बाड़मेर पुलिस को टैग करते हुए कहा कि नियमों का पालन सभी के लिए समान होना चाहिए, लेकिन धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

वाहनों पर नाम और स्लोगन लिखने के क्या नियम हैं?

मोटर वाहन नियमों के अनुसार वाहन की नंबर प्लेट पर निर्धारित नंबर के अलावा कुछ भी लिखना प्रतिबंधित है। नंबर प्लेट पर धार्मिक, जातिगत या पद से जुड़े शब्द लिखना नियमों का उल्लंघन माना जाता है।

इसके अलावा वाहन के शीशे या बॉडी पर बड़े अक्षरों में लिखे गए ऐसे शब्द जो सड़क सुरक्षा को प्रभावित कर सकते हैं, उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ऐसे मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर सकती है।

प्रशासन का तर्क है कि वाहनों पर बड़े अक्षरों में लिखे नाम या स्लोगन कई बार सड़क पर ध्यान भटका सकते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।

फिलहाल बाड़मेर का यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share: