श्रीगंगानगर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 30 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। रावला थाना क्षेत्र के 14 केएनडी गांव में संतराम बिश्नोई के खेत से एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसमें 11 छोटे पैकेटों में कुल 5 किलो 615 ग्राम हेरोइन और अलग पैकेट में 508 ग्राम अफीम बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि मादक पदार्थों की यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई थी। बीएसएफ की सूचना पर 12 सितंबर की रात शुरू हुए सर्च ऑपरेशन में CID, BSF और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। बरामदगी के बाद एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और खेप लेने आने वाले संदिग्धों के साथ-साथ तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है। मामले में जांच जारी है।





