बीकानेर में ACB का बड़ा एक्शन! पावरग्रिड का डिप्टी जीएम ₹90 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, बीकानेर डिवीजन के डिप्टी जनरल मैनेजर देवेश कुमार सिंह को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिजली लाइन बिछाने के लिए फाउंडेशन एवं अर्थिंग कार्य को सुचारू रूप से चलने देने के बदले आरोपी द्वारा 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत की राशि 90 हजार रुपये तय होना प्रमाणित हुआ। इसके बाद बीकानेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के निर्देशन में ट्रैप कार्रवाई की गई।
गुरुवार को पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार और उनकी टीम ने आरोपी देवेश कुमार सिंह को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें।




