बीकानेर में सड़कें सुधरेंगी, सफाई होगी दुरुस्त! कलेक्टर निशांत जैन ने अफसरों को दिए 7 दिन का अल्टीमेटम
बीकानेर। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार सुबह नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ शहर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का पैदल दौरा कर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत केईएम रोड से हुई। इसके बाद कलेक्टर ने कोटगेट, सिटी कोतवाली, रामपुरिया हवेलियां, मोहता चौक, नाइयों की गली, सब्जी बाजार, चूड़ी बाजार, लक्ष्मीनाथ मंदिर होते हुए बीकाजी की टेकरी तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
जिला कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का तीन दिन में विस्तृत सर्वे किया जाए तथा अगले सात दिनों में मरम्मत कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सभी प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर रोड लाइट्स सुचारु रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता विमल गहलोत, अधिशाषी अभियंता कमल खत्री, निगम सचिव जगमोहन हर्ष सहित बीडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।




