कलेक्टर की ID हैक की साजिश! साइबर पुलिस ने ऐसे पकड़ा शातिर हैकर

18 Jun 2026 STATE
Advertisement

कलेक्टर की SSO ID हैक कर करोड़ों की साजिश! साइबर पुलिस ने आरोपी दबोचा

राजस्थान : साइबर अपराध के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बीकानेर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जैसलमेर कलेक्टर की SSO ID हैक करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के बजट में सेंधमारी कर लाभार्थियों की राशि को अपने खातों में ट्रांसफर करने की फिराक में था।

कलेक्टर की ID में किया अनधिकृत लॉगिन

अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी ने जैसलमेर कलेक्टर की SSO ID में अवैध तरीके से लॉगिन किया। इसके बाद उसने DOIT बीकानेर को फर्जी ई-मेल भेजकर कलेक्टर की ID में अपना मोबाइल नंबर लिंक करवाने का प्रयास किया।

सरकारी योजनाओं की राशि पर थी नजर

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का उद्देश्य पीएम किसान निधि, जनाधार पोर्टल, सोशल सिक्योरिटी पेंशन और आपदा प्रबंधन जैसी योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली सहायता राशि को अपने खाते में डायवर्ट करना था।

झालावाड़ से दबोचा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने झालावाड़ जिले के मनोहरथाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पहले भी कर चुका है सरकारी ID से छेड़छाड़

पुलिस पूछताछ में आरोपी राहुल कुमार तंवर निवासी खाती का पुरा, झालावाड़ ने बताया कि वह पहले भी तहसीलदारों और पटवारियों की आईडी हैक कर लाभार्थियों की जानकारी निकाल चुका है।

आरोप है कि वह किसानों के बैंक खातों की जगह अपनी जानकारी दर्ज कर सरकारी सहायता राशि हड़पने का प्रयास करता था।

करोड़ों की ठगी की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार आरोपी ने राजस्थान के कई कलेक्टर्स की आईडी को निशाना बनाया था। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Share: