बीकानेर में साइबर ठगी का अनोखा खेल! 38 लाख के बाद 20 लाख और ले उड़ा आरोपी

08 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: कोटगेट थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला के साथ पहले करीब ₹38.53 लाख का साइबर फ्रॉड हुआ था। इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज होने और चार्जशीट न्यायालय में पेश होने के बाद आरोपी ने महिला को रकम वापस दिलाने का भरोसा दिलाया और कथित तौर पर इसी बहाने उससे लाखों रुपये और हड़प लिए।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कोटगेट थाने में 07 अगस्त 2026 को दर्ज की गई है। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 316(2), 351(2) और 175(3) के तहत कार्रवाई की गई है।

परिवादिया किरण बाला पुत्री श्री टेकचन्द निवासी रानी बाजार, बीकानेर ने रिपोर्ट में बताया कि उसके साथ कुल ₹38,53,000 का साइबर फ्रॉड हुआ था। इस संबंध में साइबर पुलिस थाना बीकानेर में पहले रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी और पुलिस द्वारा न्यायालय में चार्जशीट भी पेश की जा चुकी थी।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी हरदेव शर्मा को जब इस कार्रवाई की जानकारी हुई तो उसने परिवादिया को भरोसा दिलाया कि वह चिंता न करे और रकम वापस दिलवा देगा। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि साइबर थाने में उसके जानकार हैं और वह रकम रिकवर करवा देगा।

इसके बाद मई 2024 से नवंबर 2025 तक अलग-अलग समय पर आरोपी द्वारा परिवादिया से पैसे लिए जाने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान कुल ₹20,25,939 की राशि हड़प ली गई। इसके अलावा परिवादिया की गाड़ी, लैपटॉप और मोबाइल भी लेकर आरोपी के दिल्ली चले जाने का आरोप लगाया गया है।

परिवादिया का आरोप है कि आरोपी ने रकम और सामान वापस नहीं किया। मामले में कोटगेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share: