डॉक्टर बीकानेर में, जयपुर में कर दी सर्जरी! नाम से फर्जी बिल बनाकर इंश्योरेंस क्लेम का खेल, FIR दर्ज

09 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। इंश्योरेंस कंपनी से फर्जी तरीके से क्लेम उठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि जयपुर के विराट नगर स्थित एक निजी अस्पताल ने बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में कार्यरत सर्जरी विभाग के सीनियर प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल दावां के नाम का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल कर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर सर्जरी के बिल तैयार कर इंश्योरेंस कंपनी को क्लेम के लिए भेजे जाने का आरोप है। मामले में डॉ. दावां ने जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में अंजना अस्पताल के प्रभारी और संबंधित स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

इंश्योरेंस कंपनी के फोन से खुला मामला

मामला तब सामने आया जब डॉ. दावां के पास इंश्योरेंस कंपनी की ओर से फोन आया। कंपनी के अधिकारी उनसे यह जानकारी लेना चाह रहे थे कि उनके नाम से जयपुर के अंजना अस्पताल में दर्ज मरीज की सर्जरी वास्तव में उन्होंने की थी या नहीं।

डॉ. दावां ने कंपनी के अधिकारियों को बताया कि वे बीकानेर के सरकारी पीबीएम अस्पताल में कार्यरत हैं और उन्होंने जयपुर के उक्त निजी अस्पताल में जाकर किसी मरीज की सर्जरी नहीं की है। इसके बाद उन्हें पता चला कि उनके नाम का इस्तेमाल करते हुए सर्जरी से संबंधित बिल तैयार कर इंश्योरेंस कंपनी को क्लेम के लिए भेजे गए हैं।

डॉक्टर के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप

डॉ. दावां का आरोप है कि अंजना अस्पताल के प्रभारी और संबंधित स्टाफ द्वारा उनके नाम का इस्तेमाल कर कथित तौर पर ऐसे दस्तावेज तैयार किए गए, जिनमें उन्हें मरीज की सर्जरी करने वाला डॉक्टर बताया गया। इसके आधार पर इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम लेने की प्रक्रिया की गई।

डॉ. दावां ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने जयपुर स्थित इस अस्पताल में जाकर उक्त मरीज की कोई सर्जरी नहीं की। ऐसे में उनके नाम से सर्जरी दिखाकर बिल और अन्य दस्तावेज तैयार करना गंभीर मामला है।

और भी फर्जी बिल भेजे जाने की आशंका

डॉ. दावां को आशंका है कि उनके नाम का इस्तेमाल कर इसी तरह के अन्य फर्जी बिल भी इंश्योरेंस कंपनियों को भेजे गए हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच करने और उनके नाम से तैयार किए गए सभी बिल एवं दस्तावेजों की जानकारी सामने लाने की मांग की है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनके नाम का इस्तेमाल कर कितने मरीजों की सर्जरी के दस्तावेज तैयार किए गए और कितने बिल इंश्योरेंस कंपनियों को क्लेम के लिए भेजे गए।

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष हैं डॉ. दावां

डॉ. मनोहर लाल दावां बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सर्जरी विभाग के सीनियर प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। उनका कहना है कि जयपुर के एक निजी अस्पताल में उनके नाम से सर्जरी दिखाकर बिल तैयार करना न केवल उनके नाम और पद का गलत इस्तेमाल है, बल्कि इससे इंश्योरेंस कंपनी को भी गुमराह करने की कोशिश की गई है।

उन्होंने मामले में अंजना अस्पताल के प्रभारी और संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, दस्तावेजों की होगी जांच

डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब अस्पताल में तैयार किए गए दस्तावेज, मरीज से संबंधित मेडिकल रिकॉर्ड, सर्जरी रिकॉर्ड और इंश्योरेंस कंपनी को भेजे गए क्लेम दस्तावेजों की जांच करेगी।

जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि डॉक्टर के नाम से कितने बिल तैयार किए गए और उन्हें किन-किन इंश्योरेंस कंपनियों को भेजा गया। साथ ही पुलिस इस पूरे कथित फर्जीवाड़े में अस्पताल के कौन-कौन से कर्मचारी या अन्य लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच कर रही है।

Share: