पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों का मामला! बीकानेर पुलिस ने पंजाब से आरोपी को दबोचा, बड़े खुलासे के संकेत
बीकानेर. भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खाजूवाला क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियारों की ड्रॉपिंग के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के सहयोगी एक अन्य आरोपी को राउंडअप किया है।
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी को खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई हथियारों की खेप बरामद हुई थी। बीएसएफ और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मेड इन चाइना पिस्टल और 326 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ड्रोन हथियार ड्रॉपिंग के मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुखविंदर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने उसके सहयोगी करण को पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र से राउंडअप किया है।
बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में मामले की जांच जारी है। जांच अधिकारी अनुष्ठा कालिया आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरी साजिश को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। अधिकारियों के अनुसार मामले में जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना है।




