श्रीडूंगरगढ़ में बड़ा हादसा टला, सरकारी स्कूल का बरामदा गिरा
श्रीडूंगरगढ़. श्रीडूंगरगढ़ उपखंड क्षेत्र के धनेरू गांव की बुरलाई तलाई स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। दोपहर करीब 1:40 बजे स्कूल का जर्जर बरामदा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय बच्चे बरामदे में मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
75 बच्चे खुले में पढ़ने को मजबूर
आईदान पारीक धनेरू ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के बाद स्कूल भवन की छत की पट्टियों में दरारें आने के कारण भवन को जर्जर घोषित कर दिया गया था। इसके चलते विद्यालय के 75 विद्यार्थियों को खुले मैदान में बैठाकर पढ़ाई करवाई जा रही थी। गुरुवार को बरामदे की छत भी अचानक गिर गई।
तीन शिक्षक, लेकिन भवन नहीं
विद्यालय में तीन शिक्षक कार्यरत हैं। संस्था प्रधान सोनू मीणा ने बताया कि आसपास कोई वैकल्पिक भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को खुले में बैठाकर पढ़ाई करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल अन्य कोई व्यवस्था संभव नहीं हो पाई है।
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन, शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायत से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द वैकल्पिक भवन की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि खुले मैदान में पढ़ाई करवाना बच्चों और शिक्षकों दोनों के लिए सुरक्षित नहीं है।




