बीकानेर में विवाहिता के साथ जातिगत भेदभाव का आरोप, ससुराल पक्ष पर FIR… पढ़ें पूरा मामला

23 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर जातिगत भेदभाव, अपमान, मारपीट और पति से अलग होने के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, परिवादिया हेमु लावा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 15 मई 2026 को सूरज कुमावत के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद वह रामपुरा बस्ती में पति के साथ रहने लगी थी।

महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसकी जाति को लेकर ससुर रुपाराम, सास शान्ति देवी, ननद राखी, भाग्यश्री और अन्य परिजन उसके साथ कथित तौर पर भेदभाव करने लगे। रिपोर्ट में जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है।

परिवादिया का आरोप है कि उसे ससुराल में खाना तक नहीं दिया जाता था और पानी के बर्तन छूने से भी रोका जाता था। कथित प्रताड़ना के चलते वह कुछ ही दिन ससुराल में रह सकी और बाद में पति के साथ नत्थूसर गेट क्षेत्र में रहने लगी।

महिला के अनुसार, इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने के साथ ही पति से अलग होने का दबाव बनाया। मामले को लेकर विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

22 अगस्त को परिवाद मिलने के बाद कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को परिवाद प्राप्त होने के बाद पूछताछ और रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया। विवाहिता ने एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करते हुए संबंधित पक्षों से पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल करेगी।

Share: