बीकानेर पंचायत चुनाव का बदला कार्यक्रम, 22 अक्टूबर से 3 नवंबर तक तीन चरणों में मतदान

06 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। राज्य निर्वाचन आयोग ने धनतेरस के दिन मतदान की तारीख होने के कारण पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बीकानेर में पहले तीन चरणों में मतदान होगा। अब जिले में 22 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए वोटिंग होगी।

Advertisement

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। वहीं पंच-सरपंच के चुनाव 24 अक्टूबर से शुरू होंगे।

पहला चरण: 22 अक्टूबर को मतदान

बीकानेर में पहले चरण के लिए नोखा, पांचू, जसरासर, खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़ और रुणिया में 8 अक्टूबर को चुनाव अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 13 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 15 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 22 अक्टूबर को मतदान होगा।

दूसरा चरण: 28 अक्टूबर को वोटिंग

दूसरे चरण में हदां, बीठनोक, बज्जू, कोलायत और बीकानेर पंचायत समिति शामिल हैं। इनके लिए 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 16 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, जबकि 19 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 28 अक्टूबर को मतदान होगा।

तीसरा चरण: 3 नवंबर को मतदान

तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़, रिड़ी और लूणकरणसर पंचायत समितियां शामिल हैं। इनके लिए 19 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 23 अक्टूबर तक नामांकन किए जा सकेंगे और 26 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 3 नवंबर को मतदान होगा।

20 नवंबर को आएगा जिला परिषद-पंचायत समिति का परिणाम

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के तीनों चरणों का परिणाम 20 नवंबर को घोषित किया जाएगा।

24 अक्टूबर से पंच-सरपंच के चुनाव

बीकानेर में पंच और सरपंच के चुनाव भी तीन चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए 8 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 23 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे और इसी दिन नाम वापस लिए जा सकेंगे। 24 अक्टूबर को मतदान होगा।

दूसरे चरण के लिए 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 29 अक्टूबर तक नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। 30 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।

तीसरे चरण के लिए 19 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 4 नवंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे और इसी दिन नाम वापसी होगी। 5 नवंबर को मतदान होगा।

मतदान के तुरंत बाद होगी मतगणना

सभी ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच के लिए मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी।

Advertisement
Share: