बीकानेर: ग्रामीण सेवा शिविर का शासन सचिव टी. रविकांत ने किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बीकानेर. राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत सीथल में आयोजित शिविर का राजस्व विभाग के शासन सचिव टी. रविकांत ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के कार्य गंभीरता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए।
शासन सचिव ने विभागवार शिविर की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
शिविर में उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना एवं तहसीलदार नीतीश कांत ने ग्रामीणों की परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण कराया।
22 विभागों ने दी सेवाएं
ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच मन्नू देवी बिठू के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों तथा 22 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों के विभिन्न कार्यों का निष्पादन किया। एडवोकेट गणेशदान बिठू ने भी शिविर में मौजूद रहकर स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
वीबी-जीरामजी योजना का किया प्रचार
ग्राम विकास अधिकारी भागीरथ आचार्य ने बताया कि शिविर के दौरान वीबी-जीरामजी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा ग्रामीणों को पंपलेट वितरित कर योजना की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी और जनकल्याणकारी साबित होगी।
पंचायत समिति के सहायक विकास अधिकारी गिरिराज शर्मा ने नोडल अधिकारी के रूप में शिविर का संचालन करते हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई।




