रात 3 बजे परचून की दुकान में जोरदार धमाका! 11 पट्टियां टूटीं, मचा हड़कंप
श्रीडूंगरगढ़: बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के दुलचासर गांव में बुधवार तड़के एक परचून की दुकान में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि दुकान के आगे लगी 11 लोहे की पट्टियां टूटकर नीचे गिर गईं। आग लगने से दुकान में रखा सामान भी जलकर राख हो गया।
रात 3 बजे हुआ धमाका, बड़ा हादसा टला
राहत की बात यह रही कि घटना रात करीब 3 बजे हुई, जब दुकान बंद थी और आसपास कोई मौजूद नहीं था। यदि उस समय दुकान खुली होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फ्रिज में विस्फोट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुलचासर गांव के खारिया कुआं के पास स्थित श्याम सुंदर जाजड़ा की परचून की दुकान में रखा फ्रिज हादसे की वजह माना जा रहा है। फ्रिज में आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक्स रखी हुई थीं। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के बाद फ्रिज में तेज विस्फोट हुआ, जिससे दुकान में आग लग गई और भारी नुकसान हुआ।
धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण
दुकानदार रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुकानदार को सूचना दी। सुबह होते ही घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।




