Jaish-e-Mohammed स्लीपर सेल केस: बबीता धाकड़ को कोर्ट ने भेजा जेल, पूछताछ में सामने आई कई अहम बातें
जयपुर। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े कथित महिला स्लीपर सेल मामले में गिरफ्तार बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। कोर्ट में पेशी के दौरान मीडिया के सवालों पर बबीता अपना चेहरा छिपाती नजर आई।
जानकारी के अनुसार एटीएस ने बबीता को जयपुर के वाटिका क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे सात दिन की रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे अपर सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-11 जयपुर महानगर द्वितीय कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। अब मामले में आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।
जांच एजेंसियों के अनुसार पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि बबीता करीब दो साल से आतंकी संगठन के संपर्क में थी और उसे ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण दिए जाने की आशंका जताई गई है।
सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स द्वारा उसे ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जा रही थी। जांच में उसके इंटरनेट सर्च और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की गई है।
एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि बबीता के पाकिस्तान जाने के गुप्त प्लान की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार उसके पास वैध पासपोर्ट नहीं था।
जांच में सोशल मीडिया अकाउंट्स, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। आरोपी के खिलाफ यूएपीए एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मामले में जांच एजेंसियां पूरी गोपनीयता के साथ आगे की कार्रवाई कर रही हैं।



