खाटूश्यामजी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की कार पर पलटा कैंटर, 3 की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप

27 Jun 2026 STATE
Advertisement

खाटूश्यामजी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की कार पर पलटा कैंटर, 3 की दर्दनाक मौत

राजस्थान/हरियाणा। खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। हरियाणा के जींद जिले में हुए इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह जुलाना क्षेत्र के लजवाना कलां गांव के पास नेशनल हाईवे-152D पर हुआ। करनाल से श्रद्धालु कार में सवार होकर राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।

कुत्ते को बचाने के प्रयास में रोकी थी कार

पुलिस के अनुसार हाईवे पर अचानक कार के सामने आवारा कुत्ता आ गया। चालक ने उसे बचाने के लिए ब्रेक लगाए, जिससे कार का अगला हिस्सा थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार सवार लोग गाड़ी को सड़क किनारे रोककर नुकसान देखने लगे।

पीछे से आया तेज रफ्तार कैंटर बना काल

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर कार के पास पहुंचा और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर कार के ऊपर ही पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया।

तीन श्रद्धालुओं की मौके पर मौत

हादसे में करनाल निवासी धर्मपाल (45), राजकुमार (50) और स्वीटी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए रोहतक रेफर किया गया है।

जुलाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन और जेसीबी की मदद से कैंटर को हटवाया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share: