लूणकरणसर में घर से दो बहनें लापता, जेवरात-नकदी और जरूरी दस्तावेज भी ले गईं

06 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

लूणकरणसर। कस्बे के पिंक सिटी क्षेत्र में घर से दो बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार दोनों बहनें घर से जाते समय जेवरात, नकदी और परिवार के जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गईं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

पिता मजदूरी के लिए बाहर गया था

पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि उसके ससुर के निधन के कारण उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी, जबकि वह मजदूरी करने के लिए बाहर गया था। घर पर उसकी दो बेटियां थीं और उसका बेटा स्कूल गया हुआ था।

परिवादी के मुताबिक 3 अक्टूबर को करीब 11 बजे दोनों बेटियां बिना किसी को बताए घर से चली गईं। दोपहर में जब वह खाना खाने घर पहुंचा तो घर का गेट खुला हुआ था और दोनों बेटियां घर पर नहीं थीं। घर से बाहर जाने के पैरों के निशान भी मिले।

जेवरात और नकदी साथ ले जाने की बात

परिवादी ने बताया कि दोनों बहनें अपने साथ एक चांदी की पाजेब, एक सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र और 5 हजार रुपए नकद ले गईं। इसके अलावा आधार कार्ड, बैंक डायरी, राशन कार्ड, जन आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी उनके साथ होने की बात रिपोर्ट में कही गई है।

रिश्तेदारों के यहां तलाश, नहीं मिला सुराग

घटना की जानकारी पत्नी को देने के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने दोनों बहनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस को रिपोर्ट दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धारा 140(3), 137(2) बीएनएस 2023 एवं धारा 84 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई महेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस दोनों बहनों की तलाश के साथ घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: