नोखा में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, 15 हजार रुपये और मोबाइल छीनने का आरोप
बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपए मांगने से इनकार करने पर एक युवक के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हिम्मटसर निवासी राजूराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अंबेडकर सर्किल से नवलीगेट की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी लालसिंह राजपूत ने उसका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगे।
पीड़ित का आरोप है कि रुपए देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और उसकी जेब में रखे 15 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन छीन लिया। शोर-शराबा होने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी ने पीड़ित के भाई सूरजाराम को फोन कर भी जान से मारने की धमकी दी।
नोखा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






