नापासर में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
नापासर: नापासर थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ दहेज की मांग, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और स्त्रीधन हड़पने के आरोप में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार और आधा किलो सोना लाने का लगाया दबाव
थाना अधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि गांधी चौक, नापासर निवासी 20 वर्षीय विवाहिता की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उसका विवाह 12 मई 2025 को बीकानेर निवासी युवक के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति, सास, ससुर और जेठ ने दहेज में कार और आधा किलो सोना लाने की मांग शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू कर दी तथा कई बार मारपीट कर अपमानित किया।
स्त्रीधन हड़पने और जान से मारने की धमकी का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने विवाहिता के सोने-चांदी के जेवर सहित अन्य स्त्रीधन अपने कब्जे में रख लिया और वापस देने से इनकार कर दिया। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता अपने पीहर आकर रहने लगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना अधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि विवाहिता की रिपोर्ट पर पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




