PBM से फिर आई टेंशन बढ़ाने वाली खबर! एक और प्रसूता AIIMS रेफर, ICU में जिंदगी की जंग जारी
बीकानेर: पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद गंभीर रूप से बीमार हुई प्रसूताओं के मामले में एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। मेडिसिन आईसीयू में भर्ती इमरती देवी को बेहतर उपचार के लिए जोधपुर AIIMS रेफर किया गया है।
किडनी प्रभावित होने पर लिया गया फैसला
जानकारी के अनुसार, सिजेरियन डिलीवरी के बाद इमरती देवी की किडनी प्रभावित हो गई थी, जिसके बाद उन्हें पीबीएम अस्पताल के मेडिसिन आईसीयू में भर्ती किया गया। उपचार के दौरान उनका क्रिएटिनिन लगातार बढ़ता रहा। विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के बाद शुक्रवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर AIIMS भेजने का निर्णय लिया गया।
कमला की हालत अब भी नाजुक
दूसरी ओर कमला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वह पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं बताया गया है।
दो प्रसूताओं की हो चुकी है मौत
गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद कुल छह प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई थी और उनमें किडनी संबंधी गंभीर जटिलताएं सामने आई थीं। इनमें से सूरतगढ़ निवासी प्रीति और रामपुरा बस्ती निवासी शारदा नायक की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है।
जांच जारी, उठ रहे कई सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीबीएम अस्पताल की उपचार व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच जारी है। वहीं पीड़ित परिवारों और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।




