PBM अस्पताल में आधी रात हड़कंप! फार्मासिस्ट पर मरीज के परिजन को कार से कुचलने की कोशिश का आरोप
बीकानेर: संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम एक बार फिर विवादों में आ गया है। बच्चा अस्पताल परिसर के बाहर देर रात हुए हंगामे में एक फार्मासिस्ट पर मरीज के परिजन को कार से टक्कर मारने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, नोखा निवासी हरिश्चंद्र अपने दोहिते की देखभाल के लिए बच्चा अस्पताल के नीकू वार्ड में रुके हुए थे। देर रात वह अस्पताल के बाहर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बच्चा अस्पताल में कार्यरत फार्मासिस्ट अश्विनी कुमार अपनी कार लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि कार पार्किंग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
कार चढ़ाने की कोशिश का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिश्चंद्र ने खाना समाप्त होने तक कुछ देर इंतजार करने की बात कही, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज हुई और फार्मासिस्ट ने कार आगे बढ़ाकर हरिश्चंद्र को टक्कर मारने का प्रयास किया। इस दौरान उनका टिफिन क्षतिग्रस्त हो गया तथा उन्हें मामूली चोटें भी आईं।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध जताया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




