पूनरासर PHC पर जिला कलेक्टर का औचक निरीक्षण, डॉक्टर गायब मिले, नोटिस जारी करने के निर्देश
बीकानेर: जिला कलक्टर निशान्त जैन ने मंगलवार को पूनरासर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में दवाइयों, जांच सुविधाओं और स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर जिला कलक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को संबंधित चिकित्सा अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। अस्पताल में जरूरी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा मरीजों को समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सैरुणा से पूनरासर जाने वाली सड़क की मरम्मत कर उसे शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के बाद जिला कलक्टर ने पूनरासर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए और यहां लगने वाले भादवा मेले के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को मेले के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।




