PM मोदी कल देंगे बीकानेर को बड़ी सौगात! 1000MW सोलर परियोजना समेत करोड़ों की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण
बीकानेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान दौरे के दौरान बाड़मेर के पचपदरा में आयोजित रिफाइनरी लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे राजस्थान के विभिन्न जिलों की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। इनमें बीकानेर की दो बड़ी सौर ऊर्जा परियोजनाएं भी शामिल हैं।
1000 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना का लोकार्पण
प्रधानमंत्री एसजेवीएन की 1000 मेगावाट स्थापित क्षमता वाली बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना का लोकार्पण करेंगे। लगभग 5,492 करोड़ रुपये की लागत से करीब 5,000 एकड़ भूमि पर विकसित यह परियोजना घरेलू आवश्यकता श्रेणी में भारत की सबसे बड़ी सिंगल ईपीसी सौर परियोजना मानी जा रही है।
राजस्थान को मिलेगी 500 मेगावाट बिजली
इस परियोजना से राजस्थान को 500 मेगावाट बिजली उपलब्ध होगी, जबकि शेष बिजली अन्य राज्यों को आपूर्ति की जाएगी। परियोजना में 'मेक इन इंडिया' पहल को बढ़ावा देते हुए लगभग 24.22 लाख स्वदेश निर्मित सोलर मॉड्यूल और करोड़ों स्वदेशी सोलर सेल्स का उपयोग किया गया है।
300 मेगावाट करणीसर परियोजना भी होगी राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री 300 मेगावाट क्षमता वाले करणीसर सौर ऊर्जा संयंत्र का भी लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना में लगभग 7.75 लाख स्वदेश निर्मित सोलर पीवी सेल्स और मॉड्यूल्स का उपयोग किया गया है।
रोजगार और हरित ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
इन दोनों परियोजनाओं से देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।




