Rajasthan News : चलती AC Sleeper बस बनी आग का गोला, 26 यात्रियों ने खिड़की-दरवाजों से कूदकर बचाई जान

26 Jun 2026 STATE
Advertisement

Rajasthan News : चलती AC Sleeper बस बनी आग का गोला, 26 यात्रियों ने खिड़की-दरवाजों से कूदकर बचाई जान

राजस्थान। जयपुर से हरिद्वार जा रही एक डबल डेकर एसी स्लीपर बस शुक्रवार सुबह अचानक आग की चपेट में आ गई। उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 26 यात्रियों की जान बच गई।

चलती बस में अचानक लगी आग

जानकारी के अनुसार राजस्थान से हरिद्वार जा रही बस में सुबह करीब 7 बजे मेरठ और मुजफ्फरनगर बॉर्डर के पास अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में एसी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलता देख पीछे चल रहे एक बाइक सवार ने चालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद चालक ने तुरंत बस को हाईवे किनारे रोक दिया।

खिड़कियों से कूदकर यात्रियों ने बचाई जान

बस रुकते ही अंदर अफरा-तफरी मच गई। मुख्य दरवाजे से निकलने में परेशानी होने पर कई यात्रियों ने आपातकालीन खिड़कियों और शीशों से बाहर निकलना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में सभी 26 यात्री सुरक्षित बाहर आ गए।

हादसे के दौरान महिलाएं और बुजुर्ग यात्री भी बस में मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया।

लाखों का सामान जलकर हुआ राख

यात्रियों को बचाने के बाद चालक और परिचालक ने डिग्गी से सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन अचानक आग तेजी से फैल गई। इसके बाद बस के अंदर रखा यात्रियों का बैग, कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह जल गया।

दमकल की गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

हादसे की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मेरठ और मुजफ्फरनगर से आई दमकल की चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया हरिद्वार

पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों की मदद करते हुए उनके खाने-पीने की व्यवस्था करवाई और सभी यात्रियों को दूसरी बस से सुरक्षित हरिद्वार रवाना किया।

इस हादसे में बड़ा नुकसान हुआ, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Share: