जैसलमेर में खेत में गिरा बम, जोरदार धमाके से सहमे किसान; गनीमत रही, जनहानि नहीं
मोहनगढ़ (जैसलमेर): जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ क्षेत्र में गुरुवार को एक खेत में बम गिरने से जोरदार धमाका हो गया। घटना 3 केएनएम क्षेत्र में तुलसाराम के खेत में दोपहर करीब एक बजे हुई। धमाके की आवाज से आसपास का इलाका गूंज उठा और खेत में काम कर रहा किसान सहम गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
चांधन फील्ड फायरिंग रेंज में परीक्षण के दौरान चूक की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चांधन फील्ड फायरिंग रेंज में परीक्षण के दौरान निशाना चूकने से बम खेत में गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर मोहनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। स्थानीय स्तर पर क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटनाएं होने की बात कही जा रही है।
धमाके के वक्त खेत में काम कर रहा था किसान
किसान के मुताबिक, वह खेत में ट्रैक्टर से तुलाई का काम कर रहा था। उसका मोबाइल फोन काम करने की जगह से करीब 100 से 150 मीटर दूर रखा हुआ था। मोबाइल के संबंध में जानकारी मिलने पर वह वापस लौट गया। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ।
किसान ने बताया कि उसने बम को गिरते हुए नहीं देखा, लेकिन धमाके की आवाज बेहद तेज थी। घटना के बाद वह बच्चों को डर से बचाने के लिए ट्रैक्टर लेकर घर की ओर चला गया और बाद में घटनास्थल पर वापस लौटा।
किसानों की सुरक्षा को लेकर चिंता
खेत में बम गिरने की घटना के बाद नहरी क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों और कृषि श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें परिवार का पालन-पोषण करने के लिए खेतों में काम करना पड़ता है। ऐसी घटनाओं से उनकी सुरक्षा को लेकर आशंकाएं बनी रहती हैं।
ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की
एक ग्रामीण ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने सरकार से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की, ताकि किसान और ग्रामीण बिना भय के अपने खेतों में काम कर सकें।
फिलहाल घटना के कारणों और बम के स्रोत को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बम खेत तक कैसे पहुंचा।
Aapni Awaj | जैसलमेर समाचार







