केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: आरोपी चेतन चौधरी का निकला राजस्थान कनेक्शन, जोधपुर से जुड़े तार

27 Jun 2026 DESH / VIDESH
Advertisement

केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: आरोपी चेतन चौधरी का निकला राजस्थान कनेक्शन

जोधपुर। महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब राजस्थान कनेक्शन सामने आया है। मामले में गिरफ्तार सिया गोयल के बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी का संबंध राजस्थान के जोधपुर जिले से बताया जा रहा है।

जांच के अनुसार आरोपी चेतन चौधरी जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र के पलासनी गांव का रहने वाला है। उसके पिता बाबूलाल सीरवी कई वर्षों से महाराष्ट्र के पुणे में ड्राई फ्रूट्स का कारोबार करते हैं और चेतन भी पिता के साथ व्यापार में सहयोग करता था।

चार बहनों का इकलौता भाई है चेतन

जानकारी के मुताबिक चेतन अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई है। कोविड काल के दौरान पिता के व्यापार में नुकसान के बाद चेतन को पुणे बुलाया गया था, जहां उसने पढ़ाई के साथ पिता के कारोबार में हाथ बंटाना शुरू किया।

पलासनी गांव के लोगों के अनुसार चेतन शांत स्वभाव का था। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि वह इस तरह की घटना में शामिल हो सकता है।

दिवाली पार्टी में हुई थी सिया से मुलाकात

पुलिस जांच में सामने आया है कि चेतन और सिया की पहली मुलाकात पुणे में दिवाली पार्टी के दौरान हुई थी। दोनों के कारोबार के कारण संपर्क बढ़ा और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई।

जांच एजेंसियां दोनों के रिश्ते और हत्या की पूरी साजिश को लेकर पूछताछ कर रही हैं।

घटना वाले दिन कई घंटे ऑनलाइन नहीं रहा चेतन

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन चेतन करीब 10 घंटे 40 मिनट तक डिजिटल नेटवर्क से दूर रहा। पुलिस उसके मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

हत्या की वजह को लेकर दोनों के अलग-अलग दावे

पूछताछ में चेतन ने दावा किया है कि वह सिया के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहता था, लेकिन हालात अलग दिशा में चले गए। वहीं पुलिस दोनों आरोपियों के बयानों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार सिया और चेतन करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों पर केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले ले जाकर खाई में धक्का देने का आरोप है, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की जांच जारी है।

Share: