महाजन CHC में 26 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद चार घंटे चला धरना, देर रात 5 लाख की सहायता सहित इन मांगों पर बनी सहमति
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर जिले के महाजन कस्बे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को 26 वर्षीय प्रसूता कोमल की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और परिजनों ने चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। देर शाम चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब चार घंटे तक वार्ता चली। शुरुआत में सहमति नहीं बन पाई, लेकिन देर रात मांगें स्वीकार किए जाने के बाद समझौता हो गया। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर प्रसूता का शव उठाया।
जानकारी के अनुसार, आनंद की 26 वर्षीय पुत्री कोमल को शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे प्रसव के लिए महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया था। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। प्रसव के करीब एक घंटे बाद कोमल की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सक की अनुपलब्धता और समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
चार घंटे की वार्ता के बाद देर रात बनी सहमति
देर शाम जिला सीएमओ डॉ. पुखराज साध, ब्लॉक सीएमओ डॉ. विभय तंवर और डॉ. विजेंद्र मांझू सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से बातचीत की गई। करीब चार घंटे तक चली वार्ता में शुरुआत में सहमति नहीं बन पाई, लेकिन देर रात अधिकारियों की ओर से मांगों पर सहमति जताने के बाद समझौता हो गया।
नवजात के पालन-पोषण के लिए 5 लाख रुपए की सहायता
समझौते के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से नवजात शिशु की देखभाल एवं पालन-पोषण के लिए परिजनों को पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। इसके अलावा महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन चिकित्सकों और अरजनसर अस्पताल में एक चिकित्सक की स्थायी नियुक्ति की जाएगी।
महाजन अस्पताल में आवश्यक जांच उपकरण उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया गया। वहीं, प्रसूता की मौत के मामले में संबंधित चिकित्साकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच करवाकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई।
समझौते के बाद समाप्त हुआ धरना
देर रात मांगों पर सहमति बनने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया तथा प्रसूता का शव उठाया। घटना के बाद महाजन क्षेत्र में अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर चर्चा बनी हुई है।
धरने में ये लोग रहे मौजूद
धरने में प्रभुदयाल सारस्वत, अरजनसर सरपंच लक्ष्मीनारायण ओझा, पूर्व उपप्रधान शिवरतन शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सावण पुरोहित, उपसरपंच श्यामलाल देरासरी, कालूराम गहलोत, अजमल हुसैन शेख, राहुल पारीक, राजूराम शर्मा, महावीर स्वामी, जयनारायण मोदी, मुरलीधर सारस्वत, व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश ओझा और पुरुषोत्तम स्वामी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।






