दीपावली से पहले राजस्थान के सरकारी स्कूलों का होगा कायाकल्प, 22 अक्टूबर से शुरू होगा ‘विद्यालय सौंदर्याकरण एवं दीपोत्सव-2026’ अभियान

22 Oct 2026 STATE
Advertisement

दीपावली से पहले राजस्थान के सरकारी स्कूलों का होगा कायाकल्प, 22 अक्टूबर से शुरू होगा ‘विद्यालय सौंदर्याकरण एवं दीपोत्सव-2026’ अभियान

जयपुर/बीकानेर। दीपावली के त्योहार से पहले राजस्थान के सभी राजकीय विद्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेशभर में ‘विद्यालय सौंदर्याकरण एवं दीपोत्सव-2026’ अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 22 अक्टूबर से शुरू होकर दीपोत्सव तक जारी रहेगा। इसके तहत सरकारी स्कूलों में साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।

Advertisement

3 नवंबर तक पूरे करने होंगे सफाई के काम

शिक्षा विभाग के निदेशक ललित कुमार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ राजकीय विद्यालयों में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। निर्देशों के तहत 22 अक्टूबर से 3 नवंबर तक विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई के कार्य पूरे किए जाएंगे।

इस दौरान स्कूल परिसर, खेल मैदान, कक्षा-कक्ष, शौचालय और पेयजल स्थलों के आसपास विशेष सफाई करवाई जाएगी, ताकि दीपावली से पहले विद्यालय स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आएं।

6 नवंबर से दीपोत्सव तक होगी लाइटिंग

अभियान के दूसरे चरण में 6 नवंबर से दीपोत्सव तक सभी राजकीय विद्यालयों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार विद्यालय भवनों में रंग-रोगन और मरम्मत के कार्य भी करवाए जाएंगे।

शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण करेंगे श्रमदान

शिक्षा विभाग ने अभियान में जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया है। विद्यालयों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, स्काउट-गाइड, एनएसएस, एनसीसी और स्थानीय सामाजिक संगठनों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं। इनके माध्यम से श्रमदान भी करवाया जाएगा।

विभाग का उद्देश्य समाज की भागीदारी बढ़ाकर सरकारी विद्यालयों के प्रति अपनत्व और जुड़ाव की भावना मजबूत करना है, ताकि स्कूल समाज के गौरव और विकास के केंद्र बन सकें।

खराब फर्नीचर की नीलामी या निस्तारण होगा

निर्देशों के अनुसार, विद्यालयों में अनुपयोगी फर्नीचर और दरी-पट्टी का नियमानुसार निस्तारण या नीलामी की कार्रवाई की जाएगी। जहां आवश्यकता होगी, वहां मरम्मत और रंग-रोगन के काम भी करवाए जाएंगे। शौचालयों सहित अन्य जरूरी स्थानों की मरम्मत के लिए समसा की कंपोजिट ग्रांट से नियमानुसार कार्य करवाए जा सकेंगे।

विभागीय नियमों के तहत होंगे सभी कार्य

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत होने वाले सभी कार्य विभागीय निर्देशों, राजस्थान लोक उपापन पारदर्शिता अधिनियम-2012, इसके नियम-2013 तथा सामान्य वित्तीय एवं लेखा नियमों की पालना करते हुए किए जाएंगे।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दीपावली से पहले सरकारी विद्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से आकर्षक बनाना तथा विद्यार्थियों में अपने विद्यालय के प्रति गौरव और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है।

Aapni Awaj | राजस्थान शिक्षा समाचार

Advertisement
Share: