RCA चुनाव में वोटिंग पूरी, रिजल्ट पर सुप्रीम कोर्ट की रोक; 35 वोट पड़े
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चार साल बाद मंगलवार को चुनाव हुए। मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई, लेकिन चुनाव परिणाम घोषित करने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को मामले की जल्द सुनवाई कर आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मतपेटी को सील कर सुरक्षित रखा गया है।
38 में से 35 वोटरों ने किया मतदान
RCA चुनाव में कुल 38 लोगों को मतदान का अधिकार था। इनमें 34 जिला क्रिकेट संघों के सचिव, जयपुर और नागौर एडहॉक कमेटी के कन्वीनर तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गगन खोड़ा और पंकज सिंह शामिल हैं। मतदान के दौरान 38 में से 35 वोट पड़े, जबकि तीन वोटरों ने मतदान नहीं किया।
चुनाव में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारी सदस्य के पदों पर चुनाव होना है। छह पदों के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में रहे।
अध्यक्ष पद पर धनंजय सिंह और बृजकिशोर उपाध्याय आमने-सामने
अध्यक्ष पद के लिए चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह और दौसा जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय के बीच मुकाबला है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी और भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव भी अलग-अलग पदों पर चुनाव लड़ रहे हैं। मोहित यादव उपाध्यक्ष और सचिव दोनों पदों के लिए प्रत्याशी हैं।
धनंजय सिंह ने वोटरों की एंट्री पर उठाए सवाल
मतदान के बाद धनंजय सिंह ने आरोप लगाया कि 11 से 12 ऐसे लोग चुनाव में मौजूद थे, जिनका क्रिकेट से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोगों को एंट्री कैसे मिली।
धनंजय सिंह ने यह भी कहा कि डीडवाना-कुचामन, खैरथल-तिजारा और बालोतरा क्रिकेट संघ हाल में जुड़े हैं। उनके अनुसार इन संघों के सचिव AGM में पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने मतदान नहीं किया। धनंजय सिंह ने इस संबंध में इलेक्शन कमीशन को शिकायत देने की बात कही है।
धनंजय गुट के कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी आशीष तिवाड़ी ने भी एक कैबिनेट रैंक के व्यक्ति की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वोटरों को प्रभावित किया या नहीं, यह जांच का विषय है।
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव पर नहीं, रिजल्ट पर लगाई रोक
RCA की एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर और भाजपा नेता दीनदयाल कुमावत तथा मेघा गौड़ ने चुनाव पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। दीनदयाल कुमावत ने अध्यक्ष पद से अपना नामांकन वापस ले लिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी। कोर्ट के निर्देश के अनुसार हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई पूरी होने और आदेश आने तक चुनाव परिणाम जारी नहीं किया जाएगा। मतपत्रों को सीलबंद स्थिति में सुरक्षित रखा गया है।
कार्यकारी सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय
मतदान से पहले RCA की एनुअल जनरल बॉडी (AGM) की बैठक हुई। इस दौरान धनंजय गुट के धर्मवीर सिंह शेखावत ने कार्यकारी सदस्य पद से अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने जिला संघों के सचिवों के सामने कहा कि उनका नामांकन गलती से रह गया था और वे चुनावी मुकाबले में शामिल नहीं हैं।
नाम वापसी के बाद बृजकिशोर गुट के अरिष्ट सिंघवी का कार्यकारी सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
चार साल बाद हुए RCA के चुनाव
RCA में इससे पहले दिसंबर 2022 में वैभव गहलोत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। उन्होंने फरवरी 2024 में अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद RCA की चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद और कानूनी प्रक्रिया चलती रही। अब करीब चार साल बाद चुनाव हुए हैं, लेकिन परिणाम फिलहाल न्यायिक प्रक्रिया के कारण अटके हुए हैं।







