कोटा शॉपिंग सेंटर में भीषण आग, 7 दमकलों ने दो घंटे में पाया काबू
कोटा: गुमानपुरा स्थित शॉपिंग सेंटर के मोटर मार्केट में मंगलवार सुबह बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इमारत से धुआं उठता देख मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास के अनुसार, आग की सूचना के बाद कुल सात दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब 30 फायरफाइटर्स ने चारों तरफ से मोर्चा संभालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की स्थिति गंभीर होने पर लेटर का इस्तेमाल किया गया और खिड़की-दरवाजे तोड़कर अंदर पाइप पहुंचाकर पानी की बौछार की गई।
दुकान में रखा था ऑटो पार्ट्स और ऑयल का सामान
जिस दुकान में आग लगी, वहां सीट कवर, चाइना एक्सेसरीज, ऑयल और ऑटो पार्ट्स से जुड़ा सामान रखा था। दुकान में सामान का गोदाम भी बताया गया है। ऑयल और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में लपटें तेज हो गईं।
समय रहते लोगों को सुरक्षित निकाला
दुकान मालिक अब्दुल मुजीब के अनुसार, आग से बड़ी मात्रा में सामान के नुकसान की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जाएगा। अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक, आग की लपटें काफी तेज थीं और समय पर कार्रवाई नहीं होती तो इमारत को भी नुकसान पहुंच सकता था।
राहत की बात रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। शॉपिंग सेंटर का इलाका संकरा होने के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बावजूद फायरफाइटर्स ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की प्रारंभिक जानकारी
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति की जांच पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा की जा रही है।






